DC vs MI IPL 2025: मुंबई की जबरदस्त वापसी, दिल्ली को दी 12 रन से मात!

DC vs MI IPL 2025 Highlights!

आईपीएल 2025 में मुंबई इंडियंस ने आखिरकार जीत की पटरी पकड़ ही ली। रविवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में मुंबई ने दिल्ली कैपिटल्स को 12 रन से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दूसरी जीत दर्ज की। इस रोमांचक मैच में मुंबई की जीत के हीरो बने तिलक वर्मा, जिन्होंने अर्धशतक जड़कर टीम को मज़बूत स्कोर तक पहुंचाया।

DC vs MI IPL 2025: मुंबई की जबरदस्त वापसी, दिल्ली को दी 12 रन से मात!

पहले बल्लेबाज़ी करते हुए मुंबई का दमदार प्रदर्शन

टॉस हारकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी मुंबई इंडियंस ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज़ अपनाया। रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने पहले विकेट के लिए 47 रन जोड़े। हालांकि रोहित इस बार बड़ी पारी नहीं खेल सके और 18 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए, लेकिन यह उनका सीज़न का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा। 

इसके बाद क्रीज़ पर आए सूर्यकुमार यादव ने तेज़ तर्रार बल्लेबाज़ी करते हुए 40 रन बनाए। उन्होंने रेयान और फिर तिलक वर्मा के साथ अहम साझेदारियाँ कीं। रेयान ने 41 रन बनाए जबकि तिलक वर्मा ने 59 रनों की तूफानी पारी खेली। अंत में नमन धीर ने 38 रन जोड़कर स्कोर को और आगे बढ़ाया। मुंबई ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 205 रन बनाए।दिल्ली की ओर से गेंदबाज़ी में कुलदीप यादव और विप्रज निगम ने दो-दो विकेट लिए जबकि मुकेश कुमार को एक विकेट मिला।

दिल्ली की शुरुआत लड़खड़ाई, करुण नायर की शानदार पारी!

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की टीम को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा। दीपक चाहर ने पहली ही गेंद पर जेक फ्रेजर मैकगर्क को आउट कर दिया। इसके बाद अभिषेक पोरेल और करुण नायर ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 119 रनों की जबरदस्त साझेदारी की। करुण नायर ने इस साझेदारी में दमदार प्रदर्शन करते हुए मात्र 40 गेंदों में 89 रन ठोक दिए, जिसमें 12 चौके और 5 छक्के शामिल थे। हालांकि इसके बाद दिल्ली की पारी बिखर गई। पोरेल 33 रन बनाकर आउट हुए और फिर एक के बाद एक विकेट गिरते गए। दिल्ली की पारी 193 रन पर सिमट गई और खास बात ये रही कि उनके तीन बल्लेबाज़ 19वें ओवर की आखिरी तीन गेंदों पर रनआउट हुए। आईपीएल इतिहास में यह दूसरा मौका था जब एक ही ओवर में तीन रनआउट हुए हों।

गेंदबाज़ी में चमके मुंबई के सितारे

मुंबई की ओर से कर्ण शर्मा सबसे सफल गेंदबाज़ रहे, जिन्होंने तीन विकेट झटके। मिचेल सेंटनर ने भी दो अहम विकेट लिए। वहीं जसप्रीत बुमराह और दीपक चाहर को एक-एक सफलता मिली।

अंक तालिका में बदलाव

इस हार के बाद दिल्ली को मौजूदा सीज़न में पहली बार शिकस्त का सामना करना पड़ा है। अब पांच में से चार जीत और एक हार के साथ वे दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। दूसरी ओर मुंबई इंडियंस ने छह में से दो जीत के साथ अंक तालिका में सातवां स्थान हासिल कर लिया है। टॉप पर अब भी गुजरात टाइटंस काबिज़ हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post