मयंक यादव की धमाकेदार वापसी!
आईपीएल 2025 के बीच लखनऊ सुपर जायंट्स के फैंस के चेहरे पर मुस्कान लौट आई है। वजह है – तेज़ तर्रार गेंदबाज़ मयंक यादव की टीम में वापसी!
लंबे इंतजार के बाद अब मयंक एक बार फिर एलएसजी के स्क्वॉड का हिस्सा बन चुके हैं। चोट के कारण मयंक यादव पिछले सात मुकाबलों से टीम से बाहर थे, लेकिन अब वो पूरी तरह फिट होकर टीम के साथ जुड़ चुके हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक खास वीडियो शेयर किया है, जिसमें मयंक टीम होटल में एंट्री करते नजर आ रहे हैं।
मयंक की वापसी लखनऊ के लिए किसी टॉनिक से कम नहीं। टीम को पिछले कुछ मैचों में हार का सामना करना पड़ा है, ऐसे में उनकी स्पीड और अग्रेसन बॉलिंग अटैक को नई जान दे सकते हैं। बता दें कि मयंक पीठ और पैर की चोट से जूझ रहे थे और बेंगलुरु स्थित एनसीए यानी नेशनल क्रिकेट अकादमी में अपना रिहैब पूरा कर रहे थे। अब वो पूरी तरह फिट होकर मंगलवार को टीम के साथ जुड़ गए हैं।लखनऊ का अगला मुकाबला 19 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ होगा और ऐसी संभावना है कि मयंक इस मुकाबले में मैदान पर उतर सकते हैं। फैंस को भी उनका बेसब्री से इंतजार है।
अगर आईपीएल 2024 की बात करें तो मयंक यादव ने अपनी तूफानी गेंदबाज़ी से सबको चौंका दिया था। उन्होंने आरसीबी के खिलाफ 156.7 kmph की रफ्तार से गेंद डाली थी और सिर्फ 4 मैचों में 7 विकेट चटकाए थे। लेकिन साइड स्ट्रेन की वजह से उन्हें टूर्नामेंट बीच में ही छोड़ना पड़ा। पिछले सीजन में अपने जबरदस्त प्रदर्शन के चलते उन्हें टीम इंडिया में डेब्यू करने का मौका मिला, जहां उन्होंने तीन मुकाबलों में 4 विकेट लिए थे।
वहीं अगर लखनऊ सुपर जायंट्स की इस सीजन की बात करें, तो टीम ने अब तक सात मुकाबले खेले हैं जिनमें से तीन में जीत मिली है जबकि चार में हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में मयंक की वापसी से टीम को नई ताकत मिल सकती है और प्लेऑफ की रेस में वो फिर से मजबूती से लौट सकते हैं।

Post a Comment